शनिवार, 12 जनवरी 2013

खास लोग / जनता जर्नादन

खास लोग
...जब खून से सजाया गया नेहरू का स्कैच जनता जनार्दन डेस्क ,  Jan 10, 2013
आज से 67 साल पहले जब कराची में जवाहरलाल नेहरू छात्रों के साथ बातचीत कर रहे थे, तो एक छात्र ने उनका चित्र बनाकर उसे अपने खून से इस उम्मीद से रंग दिया था कि नेहरू उसे जरूर देखेंगे।इस छात्र का नाम था एचजी हिंगोरानी। वैज्ञानिक से चित्रकार बने 88 वर्षीय हिंगोरानी ने वह चित्र आज भी संभाल कर रखा है और इस चित्र की हर वर्षगांठ (10 जनवरी) पर वे इसकी झलक प्रशंसकों को दिखाना नहीं भूलते। ....  समाचार पढ़ें
कैसे हुई लाल बहादुर शास्त्री की मौत, रहस्य बरकरार! जनता जनार्दन डेस्क ,  Jan 10, 2013
कुछ मौतें ऐसी होती हैं जो ताउम्र रहस्य बनी रहती हैं... गुदड़ी के लाल...लाल बहादुर शास्त्री की ताशकंद में मौत ऐसा ही एक रहस्य है, जो 46 वर्ष बाद आज भी रहस्य बना हुआ है।सरकार गोपनीयता एवं विदेशी संबंधों का हवाला देकर इसे उजागर करने से इंकार कर रही है, लेकिन उनके परिवार के सदस्य इस रहस्य पर से पर्दा उठाने की मांग कर रहे है। ....  समाचार पढ़ें
आखिर क्यों 39 साल में ही दुनिया छोड़ गए थे स्वामी विवेकानंद? जनता जनार्दन डेस्क ,  Jan 07, 2013
दुनिया भर में भारतीय आध्यात्म का झंडा बुलंद करने वाले स्वामी विवेकानंद 31 बीमारियों से पीड़ित थे। शायद यही वजह रही कि इस विद्वान का महज 39 साल की उम्र में देहावसान हो गया।मशहूर बांग्ला लेखक शंकर की पुस्तक द मॉन्क एस मैन में कहा गया है कि निद्रा, यकृत, गुर्दे, मलेरिया, माइग्रेन, मधुमेह व दिल सहित 31 बीमारियों से स्वामी विवेकानंद को जूझना पड़ा था। ....  समाचार पढ़ें
'शिवाजी, राणा, भगत, बोस जैसा राजा चाहिए' नरेन्द्र सिंह राणा ,  Jan 03, 2013
इज्जत, सुरक्षा और अधिकार मिले सबको। समाज सम्मान दे, सरकार सुरक्षा दे, संविधान अधिकार दे। हर हाल में हमें दूसरे की माँ, बहन और बेटी को अपनी माँ , बहन और बेटी से अधिक इज्जत, सुरक्षा और सम्मान देना है। उस बलिया की बहादुर बालिका के साथ जो कुछ हुआ उसकी जितनी भ्रत्सना, निंदा की जाए कम है। ....  समाचार पढ़ें
दामिनी के आखिरी शब्द, मां मुझे माफ करना! जनता जनार्दन डेस्क ,  Jan 03, 2013
गैंगरेप की शिकार दामिनी के पिता ने बातचीत में बताया कि जब दामिनी अस्पताल में भर्ती थी तब उसने मां को कसकर पकड़ कर कहा कि में मैंने आप लोगों को बहुत दुख दिया है,हो सके तो मुझे माफ करना। ....  समाचार पढ़ें
गैंगरेप पीड़िता लड़की की अस्थियां गंगा में विसर्जित जनता जनार्दन डेस्क ,  Jan 01, 2013
दिल्ली में चलती बस में वहशियाना दरिंदगी की शिकार हुई लड़की की अस्थियां मंगलवार को उसके गृह जनपद बलिया स्थित भरौली घाट पर गंगा में प्रवाहित कर दी गईं। ....  समाचार पढ़ें
अशोक मिश्र ,  Jan 01, 2013
वाराणसी में जनसंघ के प्रथम अध्यक्ष एवं ज्ञानपुर से 1967 में एम.एल.ए. पंडित मुरलीधर पांडे पाण्डेय का कल रात्रि में अपने पैत्रिक गांव खेदौपुर में निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार कलिंजरा घाट, वाराणसी पर किया गया, ....  समाचार पढ़ें
बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार को यादों का सलाम जनता जनार्दन डेस्क ,  Dec 29, 2012
राजेश खन्ना को हिंदी फिल्मों का सुपरस्टार यूं हीं नहीं कहा जाता। जिस दौर में राजेश खन्ना का कॅरियर अपनी बुंलदी पर था उस समय लोगों में राजेश का नाम रखने की होड़ लगी रही। 1969 से लेकर 1975 तक का दौर राजेश के लिए सबसे बेहतर दौर रहा। राजेश खन्ना के हर काम से सुपरस्टार झलकता था। उन्होंने अपना स्ट्रगल भी कार से किया। ऐसी कार जो इस समय के फिल्मी कलाकारों के पास भी नहीं थी। ....  समाचार पढ़ें
कवि और नेता के रूप में हमेशा 'अटल' रहे वाजपेयी जनता जनार्दन डेस्क ,  Dec 25, 2012
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी मंगलवार को 88 वर्ष के हो गए। उनके जन्मदिन पर भाजपा के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। भाजपा में करिश्माई व्यक्तित्व के धनी वाजपेयी को उनके विरोधी भी पूरा सम्मान देते हैं। वे एक ओजस्वी एवं पटु वक्ता और सिद्ध हिन्दी कवि भी हैं। ....  समाचार पढ़ें
कैलीफोर्निया में याद किए गए पंडित रविशंकर जनता जनार्दन डेस्क ,  Dec 21, 2012
पूर्व और पश्चिम की संस्कृति को आपस में जोड़ने वाले भारतीय सितारवादक पंडित रविशंकर को उनके मित्रों और परिजनों ने याद किया। दक्षिणी कैलीफोर्निया में रविशंकर के घर के समीप एन्सीनिटास में इस स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनकी पत्नी सुकन्या तथा बेटियों अनुष्का और नोराह जोन्स, संगीतज्ञ जुबिन मेहता के साथ सैंकड़ों अन्य लोग मौजूद थे। ....  समाचार पढ़ें

दिल्ली की उमर सौ साल / पंकज श्रीवास्तव

इंद्रप्रस्थ नाम देकर अपनी राजधानी बनाया लेकिन कौरव उत्तराधिकारी दुर्योधन को ये बर्दाश्त नहीं हुआ। नतीजे में तमाम छल-प्रपंचों का सिलसिला शुरू हुआ और आखिरकार कुरुक्षेत्र के मैदान में 18 दिनों का विकट युद्ध हुआ। ऐसा युद्ध, जिसने पांडवों को सुई की नोक बराबर जमीन भी ना देने पर अड़े कौरवों का अंत कर डाला।
कौरवों का अंत हुआ लेकिन अंत नहीं हुआ तो हवस का, बेजा ख्वाहिशों का, ताकत और हुकूमत के नशे का। हमेशा ही, सत्ता के सिंहासन को इंसानी खून से धोया जाता रहा। इस हकीकत को बेहद करीब से महसूस करने वाले शहर का नाम है दिल्ली। भारत की राजधानी दिल्ली...बस-बस के उजड़ना और उजड़-उजड़कर बसना ही इसका इतिहास है। इंद्रप्रस्थ भी इसी किस्से का एक सिरा है। कहा जाता है कि पुराने किले के पास इंद्रपत नाम का एक गांव 19वीं सदी में भी था, जिसे सहज ही पांडवों के इंद्रप्रस्थ से जोड़ा जाता था।
पढ़ें:आज 100 साल की हुई हमारी, आपकी, सबकी दिल्ली!
बहरहाल, लिखित इतिहास में दिल्ली की चर्चा पहली बार तब अहम होकर उभरती है जब 1180 में इसे चौहानों ने जीता। चौहान राजा पृथ्वीराज तृतीय ने यहां तोमर राजा अनंगपाल के बनवाए लालकोट को किला राय पिथौरा में बदल दिया। ये दिल्ली का पहला शहर माना जाता है। पृथ्वीराज, अजमेर और दिल्ली के बीच के क्षेत्र पर शासन करते थे। अपनी बहादुरी के लिए मशहूर पृथ्वीराज ने अफगानिस्तान के गौर से आए हमलावर मोहम्मद गौरी को बुरी तरह पराजित किया। लेकिन 1192 में हुए तराइन के युद्ध में गौरी को आखिरकार जीत मिल गई। पृथ्वीराज वीरगति को प्राप्त हुए। हालांकि चारणकवि चंदबरदाई ने पृथ्वीराज रासो में इस हार का दर्द कम करने के लिए लिखा कि गौरी पृथ्वीराज को अंधा बनाकर अपनी राजधानी ले गया। शब्दभेदी बाण चलाने में माहिर पृथ्वीराज ने एक दिन शहाबुद्दीन गौरी का काम तमाम कर दिया। चंदबरदाई खुद भी इस कथा का एक पात्र है।



बहरहाल, रासो के रस में बदला ले लेने का सुख चाहे हो, हकीकत की तासीर नहीं है। गौरी की जीत के साथ भारत में तुर्कों का प्रवेश हो गया। उनकी जीत नई युद्ध तकनीक और बेहतर हथियारों की बदौलत हुई। तुर्क शासकों ने प्रशिक्षित गुलामों की ऐसी फौज खड़ी की थी, जो सिर्फ उनके लिए जीती-मरती थी। गंगा-यमुना के दोआब की उपजाऊ धरती की कशिश उन्हें खींच रही थी।
शहाबुद्दीन गौरी ने हिंदुस्तान में मिली जीत को संभालने की जिम्मेदारी अपने विश्वासपात्र गुलाम सेनापति कुतुबुद्दीन ऐबक को सौंपी, जिसने 1206 में दिल्ली सल्तनत की स्थापना की। लगभग आठ सौ साल से दिल्ली की शान बनी हुई कुतुब मीनार ऐबक के इरादों और हिंदुस्तान में आए उस ऐतिहासिक बदलाव की गवाह है। कुतुबमीनार और कुव्वत-उल-इस्लाम मस्जिद के साथ उसने कुतुब महरौली बसाया जिसे दिल्ली का दूसरा शहर कहा जाता है। लेकिन सिर्फ चार साल बाद 1210 में कुतुबुद्दीन ऐबक की घोड़े से गिरकर मौत हो गई। ऐबक के बाद उसका दामाद इल्तुतमिश दिल्ली का सुल्तान बना जिसने 26 साल तक शासन करते हुए सल्तनत की बुनियाद को मजबूत किया। इल्तुतमिश अपने बेटों को नालायक समझता था। ऐसे में उसकी नजर अपनी काबिल बेटी रजिया पर गई।
दिल्ली एक क्रांतिकारी घटना की गवाह बनी। दुनिया में पहली बार कोई महिला इतने बड़े साम्राज्य की कमान संभालने जा रही थी। इल्तुतमिश की मौत के बाद उसकी ख्वाहिश के मुताबिक, उसकी बेटी रजिया ने महिलाओं के कपड़े छोड़, चोगा-टोपी पहनी और हाथी पर सवार हो गई। इस शुभ घड़ी पर दिल्ली झूम उठी। रजिया सुल्तान में वो सभी गुण थे जो उस वक्त के सुल्तानों में जरूरी माने जाते थे। लेकिन तुर्क सरदारों के मुकाबले गैरतुर्क और हिंदुस्तानी सामंतों की एक वफादार टोली तैयार करने की कोशिश उस पर भारी पड़ी। तुर्क अमीरों ने खुली बगावत की जो उसकी जान लेकर थमी। बहरहाल, रजिया का सिर्फ साढ़े तीन साल का शासन, इतिहास बना गया।
दिल्ली का सीरी फोर्ट स्टेडियम सल्तनत काल में बसाए गए तीसरे शहर की याद है। इसे बसाने वाले का नाम था अलाउद्दीन खिलजी। 1296 में अपने चाचा और खिलजी वंश के संस्थापक जलालुद्दीन खिलजी की कड़ा मानिकपुर में हत्या करके उसने सत्ता हथिया ली थी। उसके कारनामों से डरी हुई दिल्ली उसका इंतजार कर रही थी। फिर एक बरसाती रात सोना लुटाते हुए अलाउद्दीन दिल्ली में दाखिल हुआ। लेकिन अलाउद्दीन एक कुशल शासक साबित हुआ। उन दिनों दिल्ली के बाजारों में ज्यादा दाम वसूलने वालों की खैर नहीं थी। यही नहीं, वो पहला सुल्तान था, जिसने स्थायी सेना का बंदोबस्त किया। तब की दिल्ली पर मंगोलों के हमले का साया मंडराता रहता था। लेकिन सीरी के मैदान में अलाउद्दीन ने मंगोलों को इस बुरी तरह हराया कि उनका आतंक खत्म हो गया। बाद में इसी मैदान को दीवार से घेरकर उसने सीरी शहर बसाया ताकि दुश्मनों का हमला हो तो सिर्फ शासकवर्ग की नहीं, पूरी जनता की हिफाजत हो सके। सीरी स्टेडियम के पास दीवारों के खंडहर अब भी देखे जा सकते हैं। वैसे, लोगों की याद में अलाउद्दीन से जुड़ा सबसे अहम किस्सा है चित्तौड़ की रानी पद्मावती की पाने की उसकी कोशिश। हालांकि ये किस्सा इतिहास नहीं, अवधी महाकाव्य पद्मावत की वजह से आम हुआ, जिसे मलिक मोहम्मद जायसी ने अलाउद्दीन की मौत के काफी बाद लिखा था।
तुगलकाबाद किले की विशाल दीवार 1320 ई. में दिल्ली के तख्त पर तुगलक वंश की स्थापना करने वाले गयासुद्दीन तुगलक के इरादों की गवाह हैं। इसे दिल्ली का चौथा शहर कहते हैं। इस समय तक तुर्कों के भारत आगमन के लगभग सवा सौ साल बीत चुके थे। विदेशी और स्थानीय आबादी के बीच घुलने-मिलने का सिलसिला तेज हो गया था। इसी समय दिल्ली सूफी संतों का केंद्र भी बन रही थी। मशहूर सूफी संत निजामुद्दीन औलिया, इस दौरान ऐसे मशहूर हुए कि सुल्तान की चमक भी फीकी पड़ गई। तुगलकाबाद आज वक्त की धूल में खो गया, लेकिन ख्वाजा के दर पर सुकून का चश्मा बदस्तूर बह रहा है। ख्वाजा का दर दिल्ली की तहजीब का मरकज आज भी है। यहां के हर जर्रे में देहली की खुशबू बसी हुई है।
हजरत निजामुद्दीन के शिष्य अमीर खुसरो की ना जाने कितनी रचनाओं ने दिल्ली में तहजीब का एक नया रंग भरा था। अमीर खुसरो का असल नाम अबुल हसन था। उन्होंने पांच सुल्तानों की सेवा की थी लेकिन तलवार से ज्यादा कलम के लिए जाने गए। अरबी-फारसी के रंग को ब्रजभाषा और अवधी जैसी लोकभाषाओं से मिलाकर उन्होंने हिंदवी की शुरुआत की। जो आगे चलकर उर्दू कहलाई और फिर इसी ने खड़ी बोली हिंदी का रूप धरा। तबला और सितार का आविष्कार ही नहीं किया, कई रागों की रचना भी की। अपनी कविताई के लिए। इसका ऐसा डंका बजा कि उन्हें दुनिया भर में तूतिए हिंद कहा जाने लगा। खुसरो की पहेलियां दिल्ली से निकलकर गांव-गांव में खेल बनकर छा गईं। ये सिलसिला आज भी जारी है।
गयासुद्दीन तुगलक के बाद उसका बेटा मोहम्मद बिन तुगलक सुल्तान बना। उसने सल्तनत की राजधानी को दिल्ली से दौलताबाद ले जाने का अजब फैसला किया। कुछ विद्वान इसे उसकी दूरंदेशी बताते हैं तो कुछ के मुताबिक ये उसकी सनक भर थी। बहरहाल जल्द ही उसे गलती का अहसास हुआ और राजधानी वापस दिल्ली ले आई गई। लेकिन दिल्ली की सूरत में चार चांद लगाया मुहम्मद बिन तुगलक के बाद गद्दी पर बैठे, उसके चाचा सुल्तान फिरोजशाह तुगलक ने। आज फिरोजशाह कोटला का नाम आते ही लोगों के जेहन में क्रिकेट मैच घूमने लगता है, लेकिन कोटला के खंडहर बताते हैं कि दिल्ली का पांचवां शहर यानी फिरोजाबाद किस शान का नमूना था। इससे पहले सारे शहर अरावली की पहाड़ियों पर बसाए गए थे। वहां के निवासियों को बड़े-बड़े हौजों में इकट्ठा किए गए पानी पर निर्भर रहना पड़ता था। पर आबादी बढ़ रही थी और पानी कम था। ऐसे में फिरोजशाह ने यमुना के किनारे 18 गांवों को मिलाकर इस शहर फिरोजबादा की तामीर की। इसमें 30 महल, दो सौ मुसाफिरखाने, चार अस्पताल, 10 हम्माम, 150 कुएं और 1200 बाग थे। नई-नई इमारतों के शौकीन फिरोजशाह ने 1368 में बिजली गिरने से टूटी कुतुब मीनार की दो ऊपरी मंजिलों को भी दुरुस्त कराया। यही नहीं, उसने पांच नहरों का भी निर्माण कराया जिसमें सबसे लंबी नहर डेढ़ सौ मील लंबी थी। लेकिन 1388 में फिरोजशाह की मौत के साथ ही इस शान-शौकत पर बुरी नजर लग गई।
1398 में तैमूर लंग ने दिल्ली पर हमला कर दिया। जाहिर है, इरादा लूटपाट था, जिसे हमेशा की तरह एक धार्मिक जामा पहनाया गया। उसका आरोप था कि दिल्ली का सुल्तान हिंदुओं के साथ उदारता का व्यवहार करता है, जो इस्लाम के खिलाफ है। दिलचस्प बात ये है कि लगभग डेढ़ सौ साल बाद उसके वंशजों यानी मुगलों ने भारत में अपने राज की मजबूती के लिए ठीक यही नीति अपनाई।
तैमूर के सैनिकों ने तीन दिन-तीन रात तक लगातार दिल्ली में लूटपाट की। फिरोजशाह के शानदार शहर को खंडहर बना दिया गया। हजारों लोगों की गर्दनें उड़ा दी गईं। दिल्ली का हर कूचा, हर गली इंसानी खून से नहा गई। तैमूर के लौटने के बाद थोड़े समय के लिए सैयद वंश के हाथ में सत्ता रही और फिर लोदियों का वक्त आया। अफगानी नेतृत्व वाले इस पहले शासक परिवार के बहलोल, सिकंदर और इब्राहिम लोदी दिल्ली का गौरव ना लौटा सके।
दिल्ली सल्तनत का सूरज डूब रहा था। फरगाना के अपने पुश्तैनी इलाके से दरबदर किया गया जहीरुद्दीन बाबर एक घर की तलाश में हिंदुस्तान की ओर बढ़ा चला आ रहा था। पानीपत के मैदान में हिंदुस्तान की तारीख करवट ले रही थी। दिल्ली के सुल्तान इब्राहिम लोदी की लंबी-चौड़ी फौज को बाबर की एक छोटी सी सेना ने हरा कर इतिहास रच दिया। फरगाना और समरकंद से भगाया गया जहीरुद्दीन बाबर दूध और शहद की जमीन के नाम से मशहूर हिंदुस्तान में अपने लिए एक स्थायी ठिकाना चाहता था। इस ऐतिहासिक जंग ने उसका ख्वाब पूरा किया।
इब्राहिम लोदी पहला सुल्तान था, जो युद्धक्षेत्र में मारा गया। 1192 में तराइन के मैदान में जिस दिल्ली सल्तनत का जन्म हुआ था उसने पानीपत के मैदान में अंतिम सांस ली। लेकिन सल्तनत के साथ दिल्ली का सितारा भी डूबता दिखाई दिया। ये स्वाभाविक था कि बाबर भी दिल्ली को अपनी राजधानी बनाता, लेकिन वो दिल्ली सुल्तान नहीं, हिंदुस्तान का पहला मुगल बादशाह बनना चाहता था। इसलिए सल्तनत की छाया से बाहर जाते हुए उसने आगरा को अपनी राजधानी बनाया। लेकिन सिर्फ चार साल बाद 1930 में बाबर की मौत हो गई। बहरहाल, उसके उत्तराधिकारी हुमायूं को दिल्ली का महत्व समझ में आया और उसने यहां एक शहर बसाया। यमुना किनारे बसे इस शहर को आज पुराने किले के अवशेषों से पहचाना जाता है, जिसे हुमायूं ने दीनपनाह नाम दिया। लेकिन हुमायूं काफी बदकिस्मत निकला।
इब्राहिम लोदी की हार से बौखलाए अफगान बिहार के फरीद खां उर्फ शेर खां के नेतृत्व में एकजुट हो रहे थे। उसने 1539 में हुमायूं को चौसा के मैदान में बुरी तरह पराजित किया। फिर 1540 में कन्नौज के पास उसने मुगलों को निर्णायक शिकस्त दी और शेरशाह बनकर दिल्ली के तख्त पर जा बैठा। शेरशाह ने दिल्ली में हुमायूं के दीन पनाह में कुछ तरमीम करके उसे शेरगढ़ बना दिया। शेरशाह बेहद कुशल शासक साबित हुआ। उसने बंगाल को पेशावर से जोड़ने वाली ऐसी सड़क बनवाई जो आज भी जीटी रोड के नाम से जानी जाती है। उसका चलाया रुपया आज भी भारत की मुद्रा है।
किस्मत ने शेरशाह का भी साथ नहीं दिया। 1545 में एक दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। उसके उत्तराधिकारी कमजोर साबित हुए। दर-बदर भटक रहे हुमायूं को फिर मौका मिला और दस साल बाद 1555 में हुमायूं को फिर से दिल्ली पर कब्जा करने का मौका मिल गया। शेरगढ़ फिर दीनपनाह हो गया। लेकिन महज सात महीने बाद पुस्तकालय की सीढ़ियों से गिरकर हुमायूं की मौत हो गई। दिल्ली में मौजूद उसका मकबरा, आज भी उस बदकिस्मत बादशाह की याद दिलाता है। जाहिर है, दिल्ली मुगलों को रास नहीं आ रही थी। हुमायूं के बेटे और मुगल वंश के सबसे मशहूर शासक साबित हुए अकबर ने अपनी राजधानी आगरा बनाई। उसके बेटे जहांगीर और पोते शाहजहां के समय भी आगरा ही शासन का केंद्र रहा। शाहजहां खासतौर पर शानदार इमारतें बनवाने के लिए मशहूर था। आगरा में ताजमहल जैसी बेमिसाल इमारत की वजह से वो इतिहास में अमर है। लेकिन आगरा उसकी ख्वाहिशों के लिहाज से छोटा पड़ रहा था।
शाहजहां ने दिल्ली का रुख किया और यमुना किनारे शाहजहांनाबाद की नींव रखी जो दिल्ली का सातवां शहर कहा जाता है। शाहजहांनाबाद का लाल किला दस साल में बनकर तैयार हुआ। वहां का दीवाने आम, दीवाने खास और बाग-बगीचे मुगलों की शान का डंका बजाते थे। शाहजहां के बैठने के लिए एक तख्तेताऊस यानी मयूर सिंहासन बना जिसमें 46 लाख रुपये के जवाहरात लगे थे। जामा मस्जिद की खूबसूरती, 5000 संगतराशों की छह साल तक की गई मेहनत का नतीजा है। चांदनी चौक जैसे बाजार हों, या बस्तियां, इस शहर में वो सबकुछ था जिसके बारे में सिर्फ कल्पना की जा सकती थी।
शाहजहां का बेटा औरंगजेब यूं तो काबिल शासक साबित हुआ, लेकिन उसके दौर में ही मुगल साम्राज्य अपने बोझ से चरमराने लगा था। 1707 में उसकी मौत के बाद तख्त पर बैठने वाले दिल्ली की शान को बरकरार नहीं रख पाए। सिर्फ 32 साल बाद ईरान के शासक नादिरशाह ने दिल्ली की शान को खून में डुबो दिया। 1739 में बादशाह मुहम्मदशाह के वक्त हुए इस हमले में दिल्ली के 30000 नागरिक मारे गए। नादिर शाह अकूत दौलत के साथ तख्त-ए-ताऊस और कोहिनूर हीरा भी अपने साथ ले गया। दिल्ली की हर आंख में आंसू था और हर गली में खून की चादर बिछी थी।
नादिरशाह के जाने के बाद दिल्ली और मुगल वंश का नूर उतरने लगा। बादशाह सामंतों के हाथ की कठपुतली साबित होने लगे। इस बीच सियासत में तिजारत का बोलबाला बढ़ रहा था। सात समंदर पार से आए गोरे व्यापारियों की काली नजर अब तक हिंदुस्तान पर बुरी तरह गड़ चुकी थी। वे व्यापार नहीं, खुली लूट चाहते थे।
ये व्यापारी ईस्ट इंडिया कंपनी की शक्ल में हिंदुस्तान में दाखिल हुए थे। 1615 में इंग्लैंड के सम्राट जेम्स प्रथम की ओर से सर टामस रो बतौर राजदूत जहांगीर के दरबार में हाजिर हुआ था। उसने घुटनों के बल बैठकर अंग्रेजी कंपनी को सूरत में फैक्ट्री खोलने की इजाजत मांगी थी। तब उस दरबार में किसी ने कल्पना नहीं की थी कि उसके वंशज, एक दिन जहांगीर के वंशजों को ना सिर्फ घुटनों पर झुकाएंगे बल्कि उनका गला भी काटेंगे।
मुगल वंश की कमजोर पड़ती चमक के बावजूद भारत का पारंपरिक व्यापार कमजोर नहीं पड़ा था। दुनिया के कुल व्यापार में भारत का हिस्सा लगभग 30 फीसदी था। अंग्रेज व्यापारी मौका पाकर इस समृद्धिचक्र को उलटना चाहते थे। लार्ड क्लाइव के षडयंत्रों और विश्वासघात की नीति ने उन्हें कामयाबी दिलाई। उनकी बढ़ती महत्वाकांक्षा को रोकने की पहली गंभीर कोशिश की बंगाल के नवाब सिराजुद्दौला ने। लेकिन मीर जाफर और सेठ अमीचंद जैसे गद्दारों ने गुपचुप अंग्रेजों का साथ दिया। नतीजा 1757 में प्लासी के मैदान में अंग्रेजी सेना ने नवाब सिराजुद्दौला को हरा दिया।
सिर्फ सात साल बाद यही कहानी बक्सर के मैदान में दोहराई गई। मायूस दिल्ली ने देखा कि बादशाह शाहआलम, अवध के नवाब शुजाउद्दौला और बंगाल के मीर कासिम की संयुक्त सेना बक्सर के मैदान में पराजित हो गई। 1764 की इस लड़ाई ने भारत में अंग्रेजी राज की बुनियाद रख दी। पहले बंगाल का राजकाज उनके हाथ आया और कलकत्ता उनके इरादों की राजधानी बनी। इसके बाद धीरे-धीरे वे देश के तमाम दूसरे इलाकों में भी दखल करते चले गए।
19वीं सदी के आगाज के साथ दिल्ली का तख्त चरमरा गया था। कहावत मशहूर थी-शहंशाह ए आलम, ला दिल्ली अज पालम..यानी शंहशाह की हद दिल्ली के लालकिले से लेकर पालम गांव तक सिमट गई है। 1803 में अंग्रेजों ने दिल्ली को भी दखल कर लिया। 28 सितंबर 1837 को बादशाह अकबरशाह की मौत के बाद उनके बेटे बहादुर शाह जफर को बादशाह बनाया गया। लेकिन इस बादशाहत का असर लाल किले की दीवारों के अंदर तक ही था। दिल्ली पर अंग्रेज रेजीडेंट की हुकूमत चलती थी और बादशाह अपने खर्च के लिए कंपनी का मोहताज था। बहादुर शाह जफर आला दर्जे के शायर थे और उनकी कलम से उनका ही नहीं, जमाने का दर्द टपकता था। वे मुगल वंश और हिंदुस्तान की किस्मत पर जो कुछ लिख रहे थे उसे सुनकर किले के लाल पत्थरों पर आंसुओं की लकीर पड़ जाती थी।
बहरहाल दिल्ली शहर के रंग-ढंग में पुरानी आब बाकी थी। बाजारों में चमक बरकरार थी और जामा मस्जिद की सीढ़ियों पर जिंदगी के मेले अब भी लगते थे। गालिब जैसे महान शायर दिल्ली की गहराई और ऊंचाई की नई पहचान बनकर उभरे थे। लेकिन 1857 की गर्मियां ऐसा अंधड़ लाईं कि अंग्रेजी राज कांप उठा। पहले स्वतंत्रता संग्राम का बिगुल बज उठा। यूं तो ये कुछ राजे-रजवाड़ों का विद्रोह लगता था, लेकिन इसमें बड़ी तादाद में आम लोग, किसान, मजदूर, दस्तकार शामिल थे। हिंदू-मुस्लिम का फर्क मिट गया था। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई हों, या बिठूर में बैठे नानासाहब पेशवा या फिर अवध की बेगम हजरत महल सबने दिल्ली के बादशाह का परचम उठा लिया था। रोटी और कमल को प्रतीक बनाकर चुपचाप जो तैयारियां चल रही थीं, उसे यूं तो मई में रंग दिखाना था। लेकिन चर्बी वाले कारतूस के मुद्दे पर बंगाल के बैरकपुर में सिपाही मंगल पांडेय ने अप्रैल में ही विद्रोह की चिंगारी भड़का दी। ये चिंगारी शोला बनकर जल्दी ही मेरठ जा पहुंची। हिंदुस्तानी सिपाहियों ने विद्रोह कर दिया और हर तरफ से दिल्ली की ओर कूच कर दिया। वे बहादुरशाह जफर जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।
शुरुआती हिचक के बाद बहादुरशाह जफर ने विद्रोह की कमान अपने हाथ में ले ली। वे हिंदुस्तान की आजादी का चेहरा बन गए थे। उनकी कलम से अब बारूद निकल रही थी। उन्होंने लिखा-गाजियों में बू रहेगी जब तलक ईमान की, तख्ते लंदन तक चलेगी तेग हिंदुस्तान की।
1857 की क्रांति ने अंग्रेजों की रूह कंपा दी। लेकिन अफसोस, पटियाला, कश्मीर, जींद, नाभा और ग्वालियर जैसी रियासतों की सैनिक मदद से अंग्रेजों ने इसका दमन कर दिया। बहादुर शाह जफर को हुमायूं के मकबरे से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके दो बेटों का कत्ल कर दिया गया और उनके कटे सिर तोहफे बतौर उन्हें पेश किए गए। इस दौरान दिल्ली में अंग्रेजों ने जैसी कत्लोगारत मचाई, उसने नादिरशाही जुल्म को फीका कर दिया। लाल किले के अंदर की तमाम इमारतों और आसपास की बस्तियों को जमींदोज कर दिया गया। उस समय दिल्ली की आबादी लगभग डेढ़ लाख थी। इस आबादी ने हर जुल्म सहा, लेकिन गली-गली अंग्रेजों से मोर्चा लिया।
मशहूर शायर मिर्जा गालिब, इस कहर के भुक्तभोगी थी। बल्लीमारान की जिस गली में गालिब रहते थे, तबाही उसके मुहाने पर खड़ी थी। उन्होंने दिल्ली की तबाही का मंजर एक खत में कुछ यूं बयान किया-मेरा हाल खुदा और मेरे अलावा कोई नहीं जानता है। कहने को तो हर कोई ऐसा कह सकता है, लेकिन मैं अली को गवाह मानते हुए कह सकता हूं कि मरने वालों के दुख और जिंदा बचे लोगों के बिछोह में मुझे पूरी दुनिया अंधेरी नजर आ रही है। जो दौलतमंद और खाते-पीते लोग थे, उनके बीवी-बच्चे भीख मांगते फिरें और मैं देखूं, इस मुसीबत की ताब लाने का जिगर चाहिए। हाय इतने यार मरे कि जो अब मैं मरूंगा तो रोने वाला कोई भी न होगा।
मिर्जा गालिब दिल्ली के हाल से बुरी तरह टूट गए थे। इसके बाद वो करीब 12 बरस जिंदा रहे, लेकिन उनकी कांपती कलम कभी-कभार ही कुछ कह पाई। फिर भी जो लिखा, उसमें दिल्ली और उसके जरिये पूरे हिंदुस्तान का दर्द शामिल था। 1857 ने बता दिया कि देश की अवाम के दिल में दिल्ली के बादशाह की क्या जगह है। लिहाजा बहादुरशाह जफर और उनकी बेगम जीनत महल को रंगून भेज दिया गया। 7 नवंबर 1862 को उनकी मौत के बाद उन्हें वहीं दफना दिया गया। कितना है बदनसीब जफर दफ्न के लिए दो गज जमीन भी ना मिली कूए यार में।
(वीडियो देखें-आईबीएन7 की विशेष पेशकश)

(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)

(अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!)

दिल्ली और लंदन का फर्क / पंकज झा




पोस्टेड ओन: 30 Sep, 2011 जनरल डब्बा में
अगले साल लंदन में संपन्न होने वाले ओलंपिक खेल आयोजन से संबंधित एक रिपोर्ट वास्तव में हमें आईना दिखाने के लिए काफी है। इस रिपोर्ट के अनुसार खेल आयोजन की लगभग सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और स्टेडियम बनकर तैयार हो चुके हैं। बस कुछ सजावट का काम बाकी है और वह भी जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। इस तरह स्टेडियम साल भर तक ओलंपिक के शुभारंभ का इंतज़ार करेगा। इसमें पूरी दुनिया के 205 देशों के 14,700 प्रतिभागी हिस्सा लेने वाले हैं। अब इस खबर के संदर्भ में भारत में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों को याद किया जा सकता है। यह याद दिलाने की आवश्यकता नहीं कि इस खेल में हमने लंदन से कोई सबक नहीं लिया। एक गरीब देश का पैसा पानी की तरह बहाने के बावजूद उस खेल के नाम पर भारत में कितने खेल हो गए आज यह सबको पता है। आज भी आप नई दिल्ली के कनॉट प्लेस घूम आइए। खुले हुए मेनहोल, कीचड़ से सना गलियारा, हल्की बारिश में भी जमा हो जाने वाला घुटने भर पानी आपको शर्म से पानी-पानी होने को मजबूर कर देगा। देश की राष्ट्रीय राजधानी के हृदय स्थल कहे जाने वाले इस इलाके के हालात बड़ी संख्या में वहां पहुचने वाले विदेशियों को शेष भारत की चुगली करता ही नजर आएगा। हालांकि यह जानकर आपको ताज्जुब होगा कि कनॉट प्लेस की हालत ऐसी इसलिए है, क्योंकि वहां वह काम अभी तक जारी है जो राष्ट्रमंडल खेल आयोजन का हिस्सा थे। खेल कब का खत्म हो चुका है, विजेतागण पदकों के साथ अपने-अपने देश कब का रवाना हो चुके हैं।

कलमाड़ी साहब भी लाख कोशिशों के बावजूद तिहाड़ में आराम फरमा रहे हैं। दिल्ली सरकार भी इस मामले में लोकायुक्त और कैग की प्रतिकूल टिप्पणियों के बावजूद अड़ी और डटी हुई है, लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी चल रही है। आपकी जेब इस नाम पर तो कब के साफ हो गए, लेकिन शहर की सफाई बदस्तूर जारी है। ऑस्ट्रेलिया से आए मजदूर भी अब अपने वतन को लौट चुके हैं। सौ रुपये के सामान का हजार रुपये किराया वसूलने वाली कंपनिया भी अपनी बैलेंसशीट चमका कर अगले शिकार की तैयारी में जुट गई होंगी, लेकिन लूटने का काम जारी है। अब आप लंदन और यहां की परिस्थितियों की तुलना करेंगे तो अपने देश में बेरोजगारों की लंबी फौज के कारण जाहिर है, श्रम यहां काफी सस्ता है। विशेषज्ञों की भी यहां कोई कमी नहीं है। ऐसी बात नहीं कि लंदन में काम नियत समय से पहले पूरा होना और ओलंपिक समिति द्वारा तत्काल हरी झंडी भी दिखा देना किसी और कारण से है, लेकिन याद कीजिए कॉमनवेल्थ के समय कितनी छीछालेदर हुई थी। तब खेल की शुरुआत से कुछ दिन पहले तक उसे अधूरी तैयारियों के कारण कॉमनवेल्थ समिति द्वारा हरी झंडी तक मिलना मुश्किल हो गया था। आखिर कारण क्या है? केवल और केवल राजनीतिज्ञों की अक्षमता और भ्रष्टाचार के कारण इस आयोजन के लिए इतनी फजीहत हुई थी। हर तरह की योजनाओं में जब तक नेताओं-अधिकारियों का हिस्सा सुरक्षित न हो जाए तब तक काम की रफ्तार इसी तरह रहनी होती है, लेकिन जहां भी उनका हिस्सा सुनिश्चित हो वहां रफ्तार को पंख लग जाते हैं।

अभी दिल्ली हाईकोर्ट के सामने आतंकी हमले के बाद गृह मंत्री चिदंबरम का एक बयान यह भी आया था कि हाईकोर्ट में लगाने के लिए क्लोज सर्किट कैमरा खरीदने के लिए चार बार टेंडर निरस्त करने के बाद भी पीडब्ल्यूडी कैमरा खरीदने का निर्णय नहीं कर पाया, क्योंकि उसे डर था कि भ्रष्टाचार के आरोप लग जाएंगे। इस मासूमियत पर कौन न मर जाए? कौन भरोसा करेगा उनकी इस दलील पर कि जिस सरकार में तमाम नियमों को ताक पर रख कर अनावश्यक रूप से 111 हवाई जहाज खरीदने के लिए कैग की फटकार के बावजूद सत्ताधारियों पर बल नहीं पड़े और जहां बड़ी हड़बड़ी में बहुमूल्य 2जी स्पेक्ट्रम को अपनी चहेती कंपनियों को लुटा दिया गया और कैग की ही रिपोर्ट के अनुसार देश को 1 लाख 76 हजार करोड़ रुपये का चूना लगाया गया हो और जहां इसी राष्ट्रमंडल खेल में दस रुपये के मैट्रेस की खरीदी बीस-बीस गुना कीमत पर की गई हो। इस आयोजन में जहां कई रसूख वाले नेताओं पर कथित कंसल्टेंसी फीस के नाम पर ही करोड़ों रुपये लुटा दिए गए हों, वहां पीडब्लूडी विभाग सुरक्षा के लिए जरूरी महज कुछ लाख की खरीदी करने में ही डर गया।

सरकारी अमला के पास कितने मासूम तर्क हैं। हालांकि क्या बात महज इतनी ही रही होगी कि थोड़े से रकम से हो जाने वाली कैमरे की खरीदी के लिए अधिकारी इतनी माथा-पच्ची भला क्यों करते? वास्तविकता तो यही है किइतनी ऊर्जा खर्च करके तो इससे सैकड़ों गुना बड़े सौदे हो सकते थे। हमारे देश में न केवल लालफीताशाही और भ्रष्टाचार, बल्कि नेताओं द्वारा इस देश के खजाने को जी भरकर लूटने की बेशर्मी भी हमे बार-बार शर्मशार होने पर मजबूर करती है। हमारे यहां मुश्किल तो यही है कि हर बात में हम विदेशों का अंधानुकरण करते रहते हैं, लेकिन उनसे सीखते कुछ नहीं। हमारे कर्णधार विदेशों की अच्छी बातों को भला सीखेंगे भी क्यों, जब उन्हें अपनी ही चलानी है और अपना लाभ देखना है। नेताओं को अपने देश के भी इक्के-दुक्के उदहारण भी इसलिए रास नहीं आते, क्योंकि उनकी नीयत में ही खोट है। इसी दिल्ली में मेट्रो परियोजना के प्रमुख श्रीधरन का उदाहरण ही देख लेते तो भी अच्छा होता। केवल इस एक व्यक्ति के अच्छे और जिम्मेदार होने के कारण आज काफी महात्वाकांक्षी और मुश्किल मेट्रो की हर परियोजना न केवल तय समय से पहले, बल्कि अनुमानित लागत से कम पैसों में ही पूरी हुई और इसकी हर जगह प्रशंसा हो रही है। श्रीधरन के कारण ही निर्धारित बजट से काफी कम रकम खर्च करके अच्छी गुणवत्ता का काम हो पाना संभव हुआ और लाखों-करोड़ की लागत के बावजूद कहीं भी किसी तरह के भ्रष्टाचार की कोई बात सामने नहीं आ पाई।

अगर विशुद्ध सरकारी कामों की ही बात करें तो देश के एक छोटे राज्य छत्तीसगढ़ के पीडीएस सिस्टम की बात की जा सकती है। देश में सबसे भ्रष्ट योजनाओं में से एक माना जाने वाला जनवितरण प्रणाली वहां अपने उन्हीं सरकारी कर्मचारियों की बदौलत नक्सल चुनौतियों के बावजूद आज प्रदेश के पहुंचविहीन क्षेत्रों तक में आदिवासियों तक को मात्र एक रुपये किलो की दर से खाद्यान्नों की आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है। आम लोगों के हालात से बिलकुल अनभिज्ञ देश के सत्ताधारी कोई प्रेरणा लेने को तैयार दिखते हों, ऐसा भी संकेत नजर नहीं आता। कोई भी उपाय कर केवल सत्ता पाने को ही अपना साध्य समझने वाले नेताओं को देश के स्वाभिमान, जनता की आकांक्षाओं को जानने में शायद ही कोई दिलचस्पी होती है। ये यही सोचकर निश्चिंत हैं कि बस 32 रुपये मिल जाएं जनता को तो वह अमीर हो जाएगी। उन्हें इस बात से क्या फर्क पड़ता है कि उनके खुद के एक डिनर पार्टी पर ही लाखों खर्च कर हो जाता है। यह देश को तय करना है कि उसे कलमाड़ी मॉडल चाहिए या श्रीधरन मॉडल।

लेखक पंकज झा स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं

Rate this Article:
1 Star2 Stars3 Stars4 Stars5 Stars (3 votes, average: 5.00 out of 5)
1 प्रतिक्रिया
  • SocialTwist Tell-a-Friend



Post a Comment



Answer Here:
Reset

नवीनतम प्रतिक्रियाएंLatest Comments

shaktisingh के द्वारा
October 1, 2011
दिल्ली को पैरिस बनाने की कोशिश की जा रही है, दिल्ली, दिल्ली ही बनी रहे तो बढ़िया है.




  • ज्यादा चर्चित
  • ज्यादा पठित
  • अधि मूल्यित
Hindi News articles & Stories

ताजा खबरें