बुधवार, 16 फ़रवरी 2011

प्रेमचंद-मीडिया-पत्रकारिता पत्रकार प्रेमचंद को पढ़ते हुए (भाग-2)


पत्रकार प्रेमचंद को पढ़ते हुए (भाग-2)

अनामी शरण बबल
कथा सम्राट प्रेमचंद की कहानियों के बारें में टिप्पणी करते हुए मशहूर कथाकार मार्कण्डेय ने लिखा है कि .......... जब हम एक बार लौटकर हिन्दी कहानी की यात्रा पर दृष्टि डालते हैं  और पिछले 70-80 वर्षों की सामाजिक विकास कीव्याख्या करते हैं, तो बहुत सुविधा पूर्ण तरीके से कह सकते हैं कि कहानी अब तक प्रेमचंद से चलकर प्रेमचंद तक ही पहुंची है। अर्थात सिर्फ प्रेमचंद के भीतर ही हिन्दी कहानियों के इस लंबे समय का पूरा सामाजिक वृतांत समाहित है। समय की अर्थवता जो सामाजिक संदर्भों के विकास से बनती है, वह बहुत मामूली परिवर्तनों के साथ आज भी जस की तस बनीं हुई है। यहां पर एक सवाल हो सकता है कि क्या प्रेमचंद के बाद का समय जहां का तहां ही टिका रह गया है? क्या समय का यह कोई नया स्वभाव है? नहीं ऐसा नहीं है। फिर भी संदर्भों के विकास की प्रक्रिया जो सम स्थानिक परिवर्तन से रेखांकित होती है, और समय ही उसका कारक होता है । वह नहीं के बराबर हुई है। आधार भूत सामाजिक बदलाव नहीं है। इस लंबे काल में नया समाज नहीं बन पाया है। धार्मिक अंधविश्वासों और पारम्परिक कुंठाए जैसी की तैसी ही बनीं हुई है। भूमि संबंध नहीं बदले हैं। अशिक्षा सामाजिक कुरीतियों का अंधकार लगातार छाया ही हुआ है। अपने समय और समाज का ऐतिहासिक संदर्भ तो जैसे प्रेमचंद की कहानियों को समस्त भारतीय साहित्य  में अमर बना देता है। मार्कण्डेय की 1995 में की गयी यह टिप्पणी पिछले 16 साल में भी जस की तस ही है। इसकी प्रासंगिकता आज भी बरकरार है। मार्कण्डेय की उपरोक्त टिप्पणी आज प्रेमचंद के दिवंगत होने के 75 साल के बाद तो मानो और अधिक सटीक सी हो गई  है। प्रेमचंद की कहानियो को पढ़ते हुए लगता है कि भारत आज भी नहीं बदला है। और भारत को यानी असली भारत को प्रेमचंद के चश्में के बगैर देखा और समझा भी नहीं जा सकता है। परिवर्तन ही समय का विधान है।  पिछले 100 साल में काफी बदलाव हुए हैं। गुलाम भारत में दिवंगत हुए प्रेमचंद को हम आजाद भारत के सातवें दशक में याद कर रहे हैं। आजादी के सातवें दशक में भी प्रेमचंद के समय के भारत और समकालीन भारत की तुलना करें तो दोनों को एक समान ही पाते हैं। 1947 में आजादी के समय भारत का सैद्वांतिक तौर पर धरती का बंटवारा हुआ था। देश के नक्शों में बदलाव आया था। मगर आजादी के सातवें दशक के आते-आते बगैर किसी विभाजन के ही भारत के दो टुकडे़ हो चुके हैं। भारत यानी इंडिया बनाम भारत। अमीरों, लोगों के इंडिया में अरबपतियों खरबपतियों से लेकर घोटालेबाजों की कोई कमी नहीं है। अमीरों के इसी भारत को आज इंडिया कहा जाता है, जिसमें काले अंग्रेजों की भरमार है। रहते भले ही वे इंडिया में है, मगर बातों में स्वप्न में पूरा संसार है। अमीर भारत और गरीब भारत में विभाजित भारत के दो हिस्से हो चुके हैं। अमीर भारत में अब करोड़पतियों की नई पीढी है। चर्चा अब अरबपतियों-खरबपतियों की होने लगी है और इनकी तादात भी लाखों में  है। इंण्डिया में मॉल्स,मैट्रो,मोबाइल्स,मल्टीनेशनल्स, मल्टीस्टोरी अपार्मेंटस और मोटर वाहनों का चस्का लग गया है।  देश का इंडिया आज झूम रहा है। इंडिया और भारत के बीच की दूरी लगातार चौड़ी होती हुई बढ़ती ही जा रही है। इंडिया में बेशुमार घोटालों और एक से बढ़कर एक निराले मतवाले और बड़े बड़े बेशरम धाकड़ घोटालेबाजों की कतार लगी है। और घोटाले भी ऐसे होने लगे है कि हजारों करोड़ के घोटालेबाजों को भी अब शर्म आने की बजाय पछतावा होने लगा है कि हाय, घोटाले भी किया तो मात्र हजारों करोड़ लाखों करोडों का ही घोटाला क्यों किया? इन घोटालेबाजो को लगता है मानों और बड़ा घोटाला क्यों नहीं किया ? केंद्रीय मंत्री ए. राजा जैसे घोटालेबाजों के राजा के सामने तो बोफर्स , चारा आदि घोटाले के महान घोटालेबाज तो अब साधु-संत से शरीफ दिखते नजर आने लगे हैं। अब हालत यह है कि गरीब भारत से गरीबी को हटाने की बात करते-करते ज्यादातर नेता कंगाल से मालामाल हो गये। हमारे ज्यादातर नेताओं की औकात एक कबाड़ी से करोड़ों-अरबों की हो गई है। गरीब भारत के संसद में अमीर और अपराधी माफिया नेताओं का जलवा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इंडिया में रहने वाले 10-15 प्रतिशत नवधनिक मालदारों ( जिसमें ज्यादातरों के अमीर बनने की कहानी परियों की कहानी सी है) लोगों की वजह से ही इंडिया एक ग्लोबल मनी पावर की तरह देखा जाने लगा है। बेशुमार आबादी की वजह से दुनिया का सबसे बडा़ बाजार भी इंडिया बन ही चुका है। एक तरफ बेशुमार धन दौलत की काली कमाई से लोग अघा से गए हैं। बोरियों में नोटों की गड्डियां रखी जा रही हैं, तो देश की 75 फीसदी आबादी आज भी दस हजार रूपया महीना कमा नहीं रहा है।।सारा जलवा 10-15 फीसदी नये कुबेरों जलवा है। जहां पर प्रेमचंद नहीं खुशवंत सिंह शोभा डे या इसी प्रकार के सेक्स प्रधान दर्जनों लेखकों की है, जिनके लिए बेटी और 18 साल की कोई भी लड़की बस बिस्तर की तकिया सी दिखती है। क्राइम, कॉमेडी,सिनेमासेलीब्रिटी, के न्यू रीच क्लास के इर्द -गिर्द घूम रहे इंडिया के न्यूज चैनलों में भारत का हंसता -खेलता खुशहाल चेहरा ही दिखता है  फैशन और समय की डिमांड पर नशा से लेकर शराब-सुरा का धंधा परवान पर है। इंडिया में मनीपावर के सामने आदर्श, नैतिकता, कल्चर, और शरम हया की बातें बेमानी सी हो गई है। समय के साथ कहे या उससे भी तेजी से मॉर्डन हो रही युवा पीढी़ तो फैशन के नाम पर कपडों से ही परहेज करने लगी है। भारी भरकम और पारम्परिक कपड़ों के बोझ को कम करने पर तुली है। तो ठीक दूसरी तरफ कपड़ों के अभाव में ज्यादातर गरीब घरों की लड़कियों का शरीर ठीक से नहीं छिप पा रहा। बदतर, बेहाल, और कंगाल सरीखे दिख रहें भारत में कंगालों की फौज लगातार बढ़ रही है। ईमानदार के लिए मशहूर पीएम का पूरा शासन ही करप्शन का राज बन चुका है। रोजाना घोटाले हो रहे हैं। फिर भी सत्ता की चौकडी़,और करप्शन धमाल के बीच ईमानदारी का (बैंड बजाकर)सरकार के दाग-ए- दामन धोए जा रहे है। पंजा हो या कमल साईकिल हो या लालटेन हाथी हो या कोई और चुनावी चिन्ह चारों तरफ दाग ही दाग नजर आने लगे है। करप्शन और घोटाले के बीच कोई बेदाग नहीं दिख रहा। एसा लग रहा है मानो पूरा भारत ही अपनी तमाम पुरानी सभ्यता, संस्कार को भूल कर भ्रष्टाचार के दलदल में समाहित हो गया हो। भारत में कंगाली से उबकर महाराष्ट्र का विदर्भ इलाका आज आत्महत्याओं के लिए विख्यात हो गया है। पिछले एक दशक में 15 हजार से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। कृषि प्रधान भारत के कृषि मंत्री पूरे देश में क्रिकेट की सौदेबाजी कराने में लगे है। अनाज और फल सबि्जयों की मंड़ी भले ही विरीन पड़े हो, मगर पावर के पवार से क्रिकेट की मंड़ी में मस्ती ही मस्ती है। भारत में किसानों की हालत का अंदाजा लगाने के लिए और क्या कहा जा सकता है ? 
अलग राज्य की मांग कर रहे बुंदेलखंड के किसान और गरीब भी अकाल की मार से बेहाल हैं। अपने बच्चों को बेचने के लिए विवश बुंदेलखंड भी भारत का एक काला सच और बदनाम चेहरा है। भूखमरी के लिए पूरी दुनियां में बदनाम कालाहांडी की किस्मत आज भी नहीं बदली है। अलबत्ता, राहत पहुंचाने के नाम पर नेता, नौकरशाहों और दलालों की मंडली बेशक करोड़पतियों की हो गई है। झारखंड के कालाहांडी के रूप में बदनाम पलामू  की तस्वीर भी आज विदर्भ और कालाहांड़ी से खास अलग नहीं है। यहां के सैकडों किसानों ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर सामूहिक आत्महत्या की अनुमति मांगी है। सरकार द्वारा इन्हें राहत देने की बजाय सरकार और निष्ठुर प्रशासन की तरफ से राष्ट्रपति को पत्र लिखने वालों की तलाश की जा रही है, ताकि उन्हें सच बोलने की सजा दी जा सके। इसके बावजूद इंडिया की ईमानदार सरकार के संवेदनशील राष्ट्रपति से लेकर पीएम का दिल विह्नबल नहीं होता। दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार के ठीक नाक के नीचे हरियाणा का मेवात इलाका भी गरीबी, भूखमरी, अशिक्षा, बदहाली के लिए भारत का एक बदनाम और बदनुमा चेहरा बना हुआ है।  उत्तर भारत के कालाहांडी के रूप में बदनाम, बेहाल  मेवात इलाका किसी भी सभ्य समाज की संवेदनशील और ईमानदार सरकार के चेहरे पर कालिख पोत देती है। मगर आजादी के सातवें दशक में भी ईमानदार पीएम या दलितों के सबसे बड़े हमदर्द दिखने के दिखावे में लगे युवराज को भी इन बेहाल इलाकों की सूरत बदलने की पीडा़ आहत नहीं करती।
भारत का इसे असली चेहरा कहें  या इंडिया में असली भारत की असली तस्वीर। बक्सर से बिजनौर, बीकानेर तकगंगानगर से लेकर मुजफ्फरनगर या मुजफ्फरपुर तक राजस्थान से लेकर हरियाणा, वेस्ट यूपी, बंगाल ,झारखंड, उडी़सा, मध्यप्रदेश समेत छतीसगढ़ तक लड़कियों से धंधा कराने, बेचने,या द्रौपती बनाकर कई भाईयों के लिए एक ही पत्नी रखने या शादी के लिए लड़कियों की कमी को पूरा करने के लिए लड़की खरीदने की कुप्रथा भी अब सामाजिक प्रथा सी बन गई है। प्रेम विवाह आज भी भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौत का फरमान ही बना है। कहीं दास प्रथा के नाम पर मंदिर में दलितों और महिलाओं के प्रवेश पर रोक है, तो लगातार आधुनिक हो रहे इसी भारत में महिला शोषण के नाम पर सदियों से चली आ रही ऱखैल प्रथा को आज लिव इन रिलेशन के नाम पर महिमामंड़ित करके विमेनफ्रीडम, या नारी आजादी के नाम पर ज्यादातर माडर्न विमेन इतरा रही है। मानो लिव इन रिलेशन के नाम पर इन्हें न जाने क्या और कौन सी आजादी या कारू का खजाना मिल गया है ?  लगभग यही हाल समलैंगिकों-लेस्बियनों की है। अपने सेक्स संबंधों को नेचुरल रिलेशन का ठप्पा दिलाने के लिए इनकी टोली अक्सर दिल्ली में धमाल मचाती फिर रही है। इन संबंधों के समर्थन हजारों लोग हमेशा कहीं ना कहीं मदमस्त कार्यक्रम कर रहे है। समाज में सेक्स को लेकर तमाम तरह की वर्जनाएं है। जिससे मुकि्त की चाहत के लिए देश के ज्यादातर इलाकों में संघर्ष बदस्तबर जारी है। कोई देहव्यापार को मान्यता दिलाने का वकालत कर रहा है, तो कोई चकलाघरों की चक्करघिन्नी के खात्मे को लेकर संघर्ष कर रहा है। रेडलाइट एरिया का धंधा मंदा क्या पड़ गया मानो बड़े शहरों से लेकर मंझोले और छोटे शहरों में कालगर्ल के नाम पर देह के लाखों दुकान खुल गए। पैसे के लिए सबकुछ जायज मान लिए गए इंडिया में एवरी थिंग इज राईट का नया मुहावरा सब कुछ मान्य और सामान्य सा कर रहा है। भारत के इसी इंडिया में प्रेमचंद का इसली भारत तो है, मगर वह इस समय  मौज मस्ती और धन के नशे में चूर है।
भारत बनाम इंडिया के ग्रामीण भारत में आज भी प्रेमचंद की कहानियों के ही गांवों की कहानी है। प्रेमचंद के पात्र ही नाम बदल -बदल कर जिन्दा घूम टहल रहे हैं। प्रेमचंद को पढ़ना ना केवल उनके साहित्य को पढ़ना है ,बल्कि एक सौ साल पहले लिखी गई भारत यानी असली भारत की जीवंत कहानी को आज भी देखना और महसूस करने के बराबर है। प्रेमचंद की कहानियां या यों कहें पूरा साहित्य ही मानो, आज समय के साथ खत्म होने की बजाय इंडिया के लगातार पावरफुल होते समय में भारत के सा़ढ़े छह लाख से भी ज्यादा गांवों की सरकारी (नौकरशाही) उपेक्षा का एक श्वेतपत्र की तरह सरकारी दस्तावेज बन गयी है। जिसमे सरकारी उपेक्षा और सरकारी विकास के नाम पर गांधी और ना जाने किन किन के नाम पर अरबों खरबों की बंदरबांट के बाद भी इन योजनाओं से गांव, गरीबी और गरीबों को ही खत्म करने की बू आने लगी है। जल,जंगल और जमीन से हमेशा के लिए बेदखल कर दिए जाने वालों के वास्ते सरकार और गैरसरकारी संगठनों द्वारा  पु्र्नवास के नाम पर तोहफों की बारिश तो जरूर की जाती है, मगर पूरे देश में एक नहीं हजारों क्षेत्रों से अब तक उजाड़े गए करोड़ों लोगों की यह पीड़ा खत्म नहीं हुई। पिछले 65 सालों में और गहरी ही हुई है कि एक बार उजड़ने वालों का पुर्नवास आजतक फिर दोबारा कभी नहीं हो पाया। अलबता, उजड़ने वालों को बसाने का नाम पर लगे लोग इस कदर आबाद जरूर हो गए और देखत  ही देखते करप्ट लोगों का यह सफेदपोशों, नौकरशाहों, ठेकेदारों और बाबूक्लास तो भारत को छोड़कर इंडिया में जा बसा। जहां से वह और उसके लोग भारत को गालियां देते हुए यहां के गरीबों को कोसते फिर रहे है।
सचमुच, आज जो कुछ भी कहीं भारत या इंडिया में हो रहा है वह करीब 100 साल पहले ही भांप चुके प्रेमचंद की नजर से बाकी नहीं रहा था, मगर इतने बुरे हाल की कल्पना तो हमारे प्रेमचंद ने भी नहीं की थी, कि अपना भारत यानी इंडिया इतना महान निकलेगा। उन्होनें उन तमाम संकटो, समस्याओ के प्रति हमें आगाह भी किया था।
एक पत्रकार के संदर्भ में देखे तो सामाजिक भेदभाव, छुआछूत,जातिवाद, दहेज, अशिक्षा मंदिर में दलित प्रवेश आदि पर तो वे एक सौ साल जो पहले लिखा था। बस समय, समाज, संदर्भ और इलाके के नाम भर बदलकर हमारे सामने इस तरह की घटनाएं हमेशा सामने आ रही है। विख्यात साहित्यकार दिवंगत अमृतलाला नागर ने प्रेमचंद के बारे में लिखा भी है कि प्रेमचंद से पहले तक सदा राजे राजकुमार, जमींदार और कुलीनों से नीचे वाला कोई पात्र कथानायक के सिंहासन पर कभी नहीं बैठ पाया था। भारतीय समाज में पहली बार प्रेमचंद के सूरे, घीसू, होरी, सिलिया, पठानी,या गबन का नायक चुंगीक्लर्क जैसे सामान्य से सामान्य पात्र ही कथानायक बनकर उभरे। नागर कहते हैं कि जीवन के जिस यथार्थ को प्रेमचंद ने पहचाना और साहित्य एंव पत्रकारिता में स्थापित किया, वह एक तरह से उनका  समाज में अनेक प्रकार से भोगा गया अपना यथार्थ था। निम्न मध्यवर्ग के ग्रेजुएट प्रेमचंद खेती क्लर्की प्रधान हिन्दी भाषी इलाके का सबसे सटीक प्रतीक बन गया। साहित्य पर प्रेमचंद के प्रभाव ने यह सिद्ध किया है कि जबतक भारत देश संपंन्न नहीं हो जाता, तब तक उनके साहित्य का नायकत्व दीनहीन,दलित, और संघर्षशीलनर नारी के हाथों में ही रहेगा। प्रेमचंद ने अपने देशनायकों को पहचाना और उसके  सबसे बड़े चितेरे बन गए। प्रेमचंद की पत्रकारिता का मूल स्वर भी सामाजिक सरोकारों से लबरेज है। दिवंगत नागर लिखते भी है कि प्रेमचंद लोकमानस के अनोखे पारखी थे। वे हमारी वह निधि है, जिस पर हम हमेशा गर्व करते रहेंगे। यहीं हाल एक पत्रकार प्रेमचंद की भी होनी चाहिए, क्योंकि  पत्रकार प्रेमचमद ने साहित्. से इतर पत्रकारिता में जो नयी शैली और नजरिया आरंभ किया था उसकी आज सबसे ज्यादा आवश्यकता है।
प्रेमचंद को एक पत्रकार की तरह देखना मेरा कोई धर्म नही है। बस आज के समय में प्रेमचंद का मूल्यांकन एक पत्रकार के रूप में भी होना चाहिए यही मेरा मूल मकसद है। इस काम में तमाम मित्रों और लोगों ने जो मदद की है उसके लिए आभार जताना केवल दिखावा होगा। मैं सबों के प्रति तहे दिल से आभारी हूं। खासकर प्रकाशक राघव के प्रति तो खासकर जिनकी उम्मीदों पर मैं कभी खरा नहीं उतर सका। एक सप्ताह के लिए वादा करके पांडुलिपि को साथ लाता और दो एक माह तक लापता हो जाता। मेरी तमाम लापरवाहियों का वे खामियाजा उठाते रहे, लिहाजा राघवजी के इंतजार के बगैर इसे साकार करना नामुमकिन था। पाठको से यह महज औपचारिकता नहीं सही मायने में कह रहा हूं कि इसमें जो भी त्रुटियां रह गई हो तो वे इस ओर मेरा ध्यान  जरूर दिलाने का कष्ट करेंगे, ताकि बाद के संस्करणों में इसे सुधारा जा सके।
अनामी शरण बबल /17 फरवरी 2011
ए-3/ 154 एच, मयूर विहार फेज-3 दिल्ली-110096
011-22615150,09868568501,0931223412  
( पत्रकार अनामी शरण बबल  द्वारा श्रीनटराज प्रकाशन नयी दिल्ली से हाल ही में प्रकाशित होने वाली पुस्तक पत्रकार प्रेमचंदः प्रेमचंद की पत्रकारिता (दो खंड़) की भूमिका)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें